किच्छा आवास विकास स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव के बलिदान दिवस पर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम,पूर्व विधायक ने क्रांतिकारियों की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया,नगर पालिका की ओर से पार्क में शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की प्रतिमाएं स्थापित की गई

किच्छा। सोमवार को आवास विकास स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव के बलिदान दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचकर महान क्रांतिकारियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उनका विधिवत अनावरण किया। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के प्रस्ताव एवं क्षेत्रीय जनता की मांग पर नगर पालिका द्वारा इस पार्क में शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, राजगुरु एवं सुखदेव की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। आज बलिदान दिवस के अवसर पर नगर पालिका के ईओ दीपक शुक्ला ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि शहीद-ए-आज़म भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव केवल एक नाम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, त्याग और अदम्य साहस के प्रतीक हैं। इन महान वीरों ने जिस निडरता और दृढ़ संकल्प के साथ देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया, वह हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। आज का दिन हमें उनके त्याग, समर्पण और राष्ट्र के प्रति उनकी अटूट निष्ठा को याद करने का अवसर देता है। हमारा कर्तव्य है कि हम इन महान क्रांतिकारियों के विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करें। विशेषकर युवाओं को चाहिए कि वे देशहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। ऐसे महापुरुषों के जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से पीछे नहीं हटना चाहिए।इस पार्क में इन महान शहीदों की प्रतिमाओं की स्थापना क्षेत्रीय जनता की भावनाओं का सम्मान है। यह स्थल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा, जहां लोग आकर देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत होंगे और अवोपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनेंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी को मिलकर यह संकल्प लेना चाहिए कि देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे और शहीदों के सपनों का भारत बनाने में अपना योगदान देंगे।नगर पालिका के ईओ ने कहा कि नगर पालिका द्वारा क्षेत्रीय जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए इन महान क्रांतिकारियों की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। यह पार्क अब देशभक्ति और प्रेरणा का केंद्र बनेगा, जहां लोग आकर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त कर सकेंगे।कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, मनमोहन सक्सेना, महेंद्र पाल, ठाकुर संजीव सिंह, सभासद संदीप अरोरा, राजा सुखीजा, मुकेश कोली,दर्शन सिंह हिन्दुस्तानी, पूरन भट्ट, बच्चा दुबे, अमरनाथ कश्यप, जितेंद्र गुप्ता, धर्मराज जायसवाल, नितिन गुप्ता, मनोज गंगवार, खेमकरन कश्यप, आदित्य आदि कार्यकर्ता मौजूद थे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
