पुलिस ने कोविड के दौरान पैरोल पर रिहा किए गए महिला समेत दो को गिरफ्तार किया,पैरोल अवधि समाप्त के बाद जेल में नहीं पहुंचे,कोर्ट से सजा हो चुकी है
रम्पुरा क्षेत्र में पहचान छिपा कर रहे थे,पुलिस की कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई एसएसपी के निर्देश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई
रुद्रपुर। एसएसपी के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध जारी अभियान के तहत ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने कोविड महामारी के दौरान पैरोल पर रिहा किए गए उन दो बंदियों को गिरफ्रतार कर लिया है, जो पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद भी वापस जेल नहीं लौटे थे। ट्रांजिट कैंप कोतवाली के एसएसआई महेश कांडपाल ने बताया कि माननीय उच्चतम न्यायालय द्वारा पारित निर्देशों के अनुपालन में, कोविड काल के दौरान जेलों से पैरोल पर छोड़े गए सिद्धदोष और विचाराधीन बंदियों की पुनः गिरफ्रतारी के आदेश दिए गए थे। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन में ट्रांजिट कैंप पुलिस टीम ने सघन चैकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर वार्ड नंबर 24 रम्पुरा स्थित एक किराए के मकान में दबिश दी। वहां से पुलिस ने पप्पू पुत्र मदन लाल और उसकी पत्नी रूपवती को गिरफ्रतार किया। दोनों मूल रूप से मोहल्ला पकड़िया, थाना कोतवाली पीलीभीत यूपी के निवासी हैं और वर्तमान में रुद्रपुर के रम्पुरा में पहचान छिपाकर रह रहे थे। गिरफ्रतार किए गए दोनों बंदी मुकदमा अपराध संख्या 30/2019 के अंतर्गत धारा 364, 302, 201, 377 और 5/6 पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त थे। कोविड महामारी के दौरान इन्हें पैरोल पर रिहा किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बाद भी इन्होंने न्यायालय या जेल प्रशासन के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं किया था। पुलिस टीम में उप निरीक्षक अकरम अहमद और अपर उप निरीक्षक चन्द्र प्रकाश बवाडी़ आदि पुलिस कर्मी शामिल रहे। पुलिस अब दोनों को जेल भेजने की कार्रवाई कर रही है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
