एसआईटी ने तत्कालीन आईटीआई थानाध्यक्ष कुंदन रौतेला समेत 12 आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की,29 पेज की चार्जशीट,58 गवाह बनाए गए
पुलिस की कार्यप्रणाली से आहत होकर काठगोदाम के होटल में गोली मारकर काशीपुर के सुखवंत सिंह के आत्महत्या करने का मामला

रुद्रपुर। पुलिस की कार्यप्रणाली से आहत होकर काठगोदाम के एक होटल में गोली मारकर सुखवंत सिंह के आत्महत्या मामले में जांच कर रही एसआईटी ने तत्कालीन थानाध्यक्ष कुंदन रौतेला समेत 12 आरोपियों के खिलाफ
काशीपुर की अदालत में 29 पेज की चार्जशीट दाखिल कर दी है। चार्जशीट में 58 गवाह बनाए गए है। इसमें एक आरोपी के विरुद्ध आत्महत्या के लिए प्रेरित करने,सात पर धोखाधड़ी और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने और चार पर सुखवंत को धमकाने के आरोप हैं। पुलिस के मुताबिक ग्राम पैगा काशीपुर निवासी सुखवंत सिंह ने जमीन की धोखाधड़ी और पुलिस की कार्यप्रणाली से आहत होने का आरोप लगाते हुए 10-11 जनवरी 2026 की रात काठगोदाम के गौलापार स्थित एक होटल में गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या करने से पहले सुखवंत ने इंटरनेट मीडिया में वीडियो भी प्रसारित किया था। मौके से पुलिस को सुसाइट नोट भी बरामद हुआ था। सुसाइड नोट में तत्कालीन पुलिस अधिकारियों समेत कई लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था। इस मामले में तत्कालीन एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने तत्कालीन आईटीआई कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह रौतेला, एसआई प्रकाश बिष्ट को निलंबित कर दिया था। जबकि पूरी पैगा चौकी को लाइन हाजिर कर दिया था। तब एसआईटी का गठन कर तत्कालीन एसपी क्राईम निहारिका तोमर को सौंपी गई थी। लेकिन पुलिस मुख्यालय स्तर पर जिले की एसआईटी से जांच हटाते हुए आईजी नीलेश आनंद भरणे की अध्यक्षता में एसआईटी का गठन किया गया था। साथ कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को मामले की मजिस्ट्रियल जांच सौंपी गई थी। इधर, मामले में कोतवाली आईटीआई में 26 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, एसआईटी की 79 दिन की जांच के बाद 12 आरोपियों के खिलाफ शनिवार को काशीपुर कोर्ट में चार्जशीट दायर कर दी है। इसमें एक के खिलाफ सुखवंत को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने, 7 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आत्महत्या के लिए प्रेरित करने और चार आरोपियों के खिलाफ सुखवंत को धमकाने के साक्ष्यों के साथ आरोप पत्र दायर किया गया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आईपीएस अधिकारी समेत 12 अन्य के खिलाफ विवेचना जारी रहेगी।
विमल कुमार, आशीष चौहान उर्फ पटवारी, कुलविंदर सिंह उर्फ जस्सी, अमरजीत सिंह, जगपाल सिंह, गुरप्रेम सिंह, जहीर पर 108 (आत्महत्या के लिए प्रेरित करना), 318(4)- धोखाधड़ी, 352(2), 351(2)-धमकाना शामिल है।तत्कालीन थानाध्यक्ष आईटीआई कोतवाली कुंदन सिंह रौतेला पर 108(आत्महत्या के लिए प्रेरित करना) और 352(2), 351(2)-धमकाना,बलवंत सिंह उर्फ काले, जगवीर सिंह उर्फ जगवीर राय, मनप्रीत सिंह, सुखवंत सिंह पन्नू पर 352/ 351(2)-धमकाना।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
