जनपद पुलिस की मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, किच्छा के लालपुर में पुलिस और एएनटीएफ टीम ने एक महिला से 133 ग्राम स्मैक और रुद्रपुर पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर 103 ग्राम स्मैक बरामद की
महिला के पास से चार हजार नगदी भी बरामद की, पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया,एसएसपी ने खुलासा किया

रूद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दो बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। किच्छा और रूद्रपुर क्षेत्र में की गई अलग-अलग छापामार कार्रवाइयों में पुलिस व एएनटीएफ टीम ने एक महिला और एक युवक को गिरफ्रतार किया। दोनों के कब्जे से कुल 236-33 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि कोतवाली किच्छा की चौकी लालपुर क्षेत्र में पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊं रेंज की संयुक्त कार्रवाई में एक महिला को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि टीम को सूचना मिली कि श्मशान घाट के पास एक महिला संदिग्ध वस्तु के साथ ग्राहकों का इंतजार कर रही है। पुलिस ने मौके पर पहुंच घेराबंदी की और चारपाई पर बैठी महिला को हिरासत में लिया। महिला की पहचान सुरेन्द्र कौर उर्फ छिन्दौ कौर निवासी टिब्बा लालपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 133 ग्राम स्मैक, 4 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में महिला ने चौंकाने वाले खुलासे किए। महिला ने पुलिस को बताया कि वह लालपुर के ही जसवंत सिंह से 2500 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से स्मैक खरीदती है और फिर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर 700 से 800 रुपये में बेचती है। वह पिछले करीब डेढ़ साल से इस धंधे में शामिल है और पहले भी कच्ची शराब की तस्करी में पकड़ी जा चुकी है। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर जसवंत सिंह की तलाश में जुट गई है। एसएसपी ने बताया कि दूसरी कार्रवाई रूद्रपुर कोतवाली पुलिस ने बाईपास फ्रलाईओवर के पास एसआई प्रियांशु जोशी टीम में शामिल कांस्टेबल महेंद्र जरमान,किशन सिंह चैकिंग कर रहे। तभी कुछ दूरी पर एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक उसकी पहचान अर्जुन सिंह निवासी ग्राम कपूरपुर, मीरगंज, जिला बरेली यूपी के रूप में हुई। उसकी जामा तलाशी में जेब से एक पन्नी में 103-33 ग्राम स्मैक बरामद हुई। तस्कर अर्जुन ने पुलिस को बताया कि वह यह स्मैक बरेली के ही विशाल सिंह के नाम के व्यक्ति से लेकर आया था। वह दोनों विशाल की कार से रूद्रपुर पहुंचे थे और अर्जुन ग्राहकों को स्मैक की सप्लाई देने के लिए कार से उतरा था, तभी पुलिस की नजर उस पर पड़ गई। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल और 900 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। एसएसपी ने बताया कि पुलिस अब बरेली के सप्लायर विशाल सिंह की गिरफ्रतारी के लिए दबिश दे रही है।
किच्छा कोतवाली क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान एएनटीएफ यूनिट कुमाऊं रेंज के निरीक्षक पावन स्वरुप,एसआई विनोद जोशी, कांस्टेबल वीरेंद्र चौहान,इशरार अहमद के अलावा कोतवाली किच्छा के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू, लालपुर पुलिस चौकी प्रभारी बसंत प्रसाद,मदन नाथ, विजय रावत, महिला कांस्टेबल गीता शामिल रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
