सीएम धामी की छवि को धूमिल करने को फर्जी/एआई से भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग,भाजपा नेता योगेश वर्मा पहुंचे कोतवाली,पुलिस को सौंपी तहरीर
रुद्रपुर। भाजपा नेता योगेश वर्मा कोतवाली पहुंचे और उन्होंने एसएसआई केसी आर्या से मुलाकात कर तहरीर सौंपी। तहरीर में सीएम पुष्कर सिंह धामी की छवि को धूमिल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाजपा नेता ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कुछ अज्ञात व्यक्तियों,समूहों और कुछ राजनीतिक दलों ने सीएम पुष्कर सिंह धामी की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की सहायता से फर्जी एवं भ्रामक वीडियो तैयार कर प्रसारित की जा रही है। वीडियो न केवल असत्य और भ्रामक हैं, बल्कि समाज में भ्रम फैलाने तथा जनभावनाओं को प्रभावित करने का प्रयास भी करते हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि यह कृत्य सुनियोजित रूप से कुछ राजनीतिक रूप से प्रेरित व्यक्तियों/समूहों द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को कुछ वीडियो/पोस्ट के लिंक भी दिए हैं। उन्होंने तहरीर में बताया कि उक्त कृत्य प्रथम दृष्टया भारतीय दंड संहिता (आईपीसी ) की धारा 153, 469, 500, 505 तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट ) की धारा 66डी एवं अन्य प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत दंडनीय प्रतीत होता है। यह फर्जी एवं भ्रामक सामग्री के माध्यम से जनभावनाओं को प्रभावित करने, किसी व्यक्ति विशेष की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने तथा साईबर माध्यमों का दुरुपयोग करने से संबंधित है। उन्होंने पुलिस से इन धाराओं के अंतर्गत भी प्रकरण दर्ज कर जांच कर दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रासंगिक धाराओं में कार्रवाई करने की मांग की। ताकि भविष्य में इस तरह की भ्रामक एवं दुर्भावनापूर्ण गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। साथ ही, संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से ऐसे वीडियो को तत्काल हटवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
