इंडेन गैस एजेंसी पर घरेलू गैस उपभोक्ताओं का हंगामा, पूर्व विधायक ठुकराल भी समर्थकों के साथ पहुंचे मौके पर,प्रबंधक को सुनाई खरी-खोटी,ऑन लाईन बुकिंग कराने के बाद भी नहीं मिल रही गैस
आरोप एजेंसी प्रबंधक व ठेकेदार की मिलीभगत से रोस्टर के अनुसार सिलेंडर वितरित न कर मनमाने तरीके से वितरण किया जा रहा है,घंटों लाइन में खड़ा होने पर भी नहीं मिल रहा गैस सिलेंडर
रूद्रपुर। इंडेन गैस एजेंसी में लोगों को सिलेंडर लेने के लिए लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुरूवार को भी सैकड़ों उपभोक्ता सिलेंडर लेकर एजेंसी में लाईन में लगे रहे। लेकिन गैस सिलेंडर नहीं मिले,इस पर उपभोक्ताओं का सब्र का बांध टूट गया और जमकर हंगामा काटा। सूचना पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी समर्थकों के साथ एजेंसी पहुंचे। घरेलू गैस उपभोक्ताओं का कहना था कि पिछले कई दिनों से ऑन लाईन बुकिंग कराने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी प्रबंधक व ठेकेदार की मिलीभगत से रोस्टर के अनुसार सिलेंडर वितरित न कर मनमाने तरीके से वितरण किया जा रहा है। उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौके पर मौजूद महिलाओं का कहना था कि वह अपना सारा घरेलू काम व बच्चों को छोड़कर सिलेंडर के लिए लाइन में लगी है। लेकिन गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं।उपभोक्ताओं ने एजेंसी प्रबंधक और ठेकेदार को जमकर खरी खोटी सुनाई। पूर्व विधायक ठुकराल ने एजेंसी प्रबंधक को साफ लहजे में कहा कि जब तक गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था सही नहीं की जायेगी वह यहां से नहीं उठेंगे। मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। पूर्व विधायक को महिलाओं ने बताया कि न ठेकेदार फोन रिसीव कर रहा और न ही गैस प्रबंधक।
एजेंसी प्रबंधक ने कहा कि यदि कोई रिक्शे वाला अपने रूट से हटकर दूसरे रूट पर गया है तो इसकी जांच कराई जायेगी। उन्होंने बताया कि दूसरे शनिवार व रविवार दो दिन के अवकाश के कारण व्यवस्थाओं में व्यवधान पैदा हुआ था। अब व्यवस्थायें धीरे धीरे पटरी पर आ रही है। उपभोक्ताओं को उनके घरों में ही सिलेंडर पहुंचाये जायेंगे। वहां पर पार्षद गौरव खुराना,फुदेना सहनी, बाबू खां समेत तमाम लोग मौजूद थे।

जनता गैस संकट से जूझ रही है,वहीं दूसरी ओर “जनता के सेवक” कहे जाने वाले जनप्रतिनिधि इस मुश्किल घड़ी में कहीं नजर नहीं आ रहे
इंसेट
एक ओर जनता गैस संकट से जूझ रही है,वहीं दूसरी ओर “जनता के सेवक” कहे जाने वाले जनप्रतिनिधि इस मुश्किल घड़ी में कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चुनाव के समय घर-घर पहुंचने वाले नेता अब दूरबीन से ढूंढने पर भी दिखाई नहीं दे रहे, जिससे जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है।
जनता के बीच यह चर्चा तेज हो गई है।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
