दक्षिण एशियाई जू-जित्सु प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर लौटे स्वर्ण पदक विजेता जू-जित्सु खिलाड़ी क्षितिज सिंह को किया गया सम्मानित
जिला जु-जित्सू एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर दी बधाई
रूद्रपुर। साउथ एशियन जु-जित्सू फैडरेशन के तत्वावधान में 9-12 अप्रैल तक श्रीलंका के डिंगाना स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स में आयोजित दक्षिण एशियाई जू-जित्सु चैंपियनशिप- 2026 में भारतीय जु-जित्सू टीम में शामिल होकर जनपद के होनहार खिलाडी क्षितिज सिंह ने शानदार प्रदर्शन कर भारत देश के लिए स्वर्ण पदक अर्जित कर प्रदेश व जनपद का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि पर जिला जु-जित्सू एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण चुघ, महासचिव ऋषि पाल भारती, महेश ठाकुर,एशियाई खिलाड़ी कृष्ण साना सहित अन्य युवाओं गर्मजोशी के साथ स्वर्ण पदक विजेता क्षितिज सिंह को माल्यार्पण कर मिठाई खिलाकर व ट्रैक सूट देकर और “भारत माता की जय” के नारों के साथ उन्हें सम्मानित किया।जिला जु-जित्सू संघ के अध्यक्ष ने कहा कि यह हमारे जनपद व शहर के लिए गर्व की बात है, क्षेत्र के खिलाड़ी क्षितिज सिंह ने दक्षिण एशियाई जू-जित्सु प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। साथ ही उक्त प्रतियोगिता में अपने आयुवर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर पहले भारतीय जु-जित्सू खिलाड़ी बनने का गौरव प्राप्त किया। उन्होंने क्षितिज सिंह के कोच ऋषि पाल भारती की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए उनको बधाई देते हुए कहा कि वर्ष 2018 से कोच ऋषि पाल भारती ने जिले में जु-जित्सू खेल की एक अलख जगाई है, जिसका परिणाम है कि जनपद के खिलाड़ी राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर मान बढ़ा रहे है। उन्होंने क्षितिज को आगामी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने हेतु उत्तराखंड सरकार से हर संभव आर्थिक मदद दिलवाने का भी आश्वासन दिया।जु-जित्सू एसोसिएशन ऑफ इंडिया के मीडिया पब्लिसिटी कमिशन के चेयरमैन व क्षितिज सिंह के मुख्य कोच ऋषि पाल भारती ने बताया कि भारतीय जु-जित्सू टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए हुए क्षितिज सिंह ने एडल्ट्स आयुवर्ग की (–85 किग्रा ) भारवर्ग की फाइटिंग स्पर्धा में अपने फाइनल मैच में श्रीलंका के खिलाड़ी को मात देते हुए स्वर्ण पदक जीता, एवं अपने दूसरे टीम इवेंट डूओ शो मिक्सड इवेंट्स में हल्द्वानी शहर की श्रीपर्णा जोशी के साथ शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक जीते। क्षितिज सिंह पिछले 10 वर्षों से जू-जित्सु खेल का गहन प्रशिक्षण ले रहे है। पिछले वर्ष उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर दो स्वर्ण पदक, जॉर्डन में आयोजित नौवीं एशियाई जू-जित्सु प्रतियोगिता में भारत देश के लिए कांस्य पदक जीत चुके है।
इस अवसर पर अमित गौड़, पूरन पांडेय, सोमनाथ जायसवाल, रजत दीक्षित,मोनू ठाकुर, जू–जित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष विनय कुमार जोशी, अमित अरोरा, टीम कोच एमआर शाहिद, जवान सिंह, उपनिदेशक खेल रसिका सिद्दीकी, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के महासचिव डीके सिंह,डीएसओ जानकी कार्की, चेतन धीर आदि मौजूद रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
