एफएसएल रुद्रपुर में ई-फोरेंसिक 2.0 का शुभारंभ, डिजिटल न्याय प्रणाली को मिलेगी नई गति,यह प्रणाली सीसीटीएनएस, ई-कोर्ट्स और ई-प्रिज़न्स से एकीकृत होकर कार्य करेगी
रुद्रपुर। क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला में 2 मई 2026 को ई-फोरेंसिक 2.0 प्रणाली का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस उन्नत डिजिटल पहल का उद्घाटन प्रभारी संयुक्त निदेशक डॉ मनोज कुमार अग्रवाल ने किया। यह प्रणाली आईसीजेएस 2.0 के अंतर्गत विकसित की गई है।जिसका उद्देश्य आपराधिक न्याय प्रक्रिया को पूर्णतः डिजिटल, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है। ई-फोरेंसिक 2.0 के माध्यम से अब केस प्रस्तुतिकरण से लेकर वैज्ञानिक परीक्षण, ई-हस्ताक्षर के साथ रिपोर्ट तैयार करना तथा रिपोर्ट को आईसीजेएस पोर्टल पर अपलोड करना—सभी प्रक्रियाएं एकीकृत डिजिटल मंच पर संपन्न होंगी। इससे पुलिस, न्यायालय और अभियोजन को रिपोर्ट तक त्वरित एवं सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित होगी।नई प्रणाली की प्रमुख विशेषताओं में वास्तविक समय में केस ट्रैकिंग, प्रारंभ से अंत तक डिजिटल कार्यप्रवाह, मानकीकृत रिपोर्ट प्रारूप, बेहतर साक्ष्य श्रृंखला प्रबंधन तथा कम समय में परिणाम उपलब्ध कराना शामिल है। यह प्रणाली सीसीटीएनएस, ई-कोर्ट्स और ई-प्रिज़न्स से एकीकृत होकर कार्य करेगी। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि इस पहल से फोरेंसिक जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता,गति और विश्वसनीयता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे न्याय वितरण प्रणाली और अधिक सुदृढ़ बनेगी।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
