जीवन ज्योति हॉस्पिटल के खिलाफ सीएमओ को भेजा शिकायती पत्र
अस्पताल स्टाफ पर ईलाज में घोर लापरवाही का लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग की
प्रसूता की हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला
रूद्रपुर। किच्छा रोड जीवन ज्योति हॉस्पिटल में एक प्रसूता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शिकायती पत्र भेजा है।क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर रोष व्याप्त है। सिरौली कलां निवासी नदीम ने बताया कि उसने अपनी गर्भवती पत्नी नाजिस को 11 नवंबर को प्रसव पीड़ा होने पर जीवन ज्योति हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। उसी दिन ऑपरेशन के जरिए प्रसूता ने एक पुत्र को जन्म दिया। परिजनों के मुताबिक जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ थे। नदीम के मुताबिक 12 नवंबर दोपहर करीब 3:45 बजे उसकी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई। उस समय उसकी मां, सास और भाभी अस्पताल में मौजूद थीं। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान हॉस्पिटल की एक नर्स ने प्रसूता को कोई दवा पिलाई और दवा देने के तुरंत बाद पत्नी की हालत बिगड़ने लगी। उसके मुंह और नाक से झाग निकलने लगे और सांस चलना बंद होने लगी। शिकायती पत्र में परिजनों का आरोप है कि बिना अनुमति लिए अस्पताल प्रबंधन ने प्रसूता को केएमसी हॉस्पिटल रुद्रपुर रेफर कर दिया। रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि पूरे प्रकरण में अस्पताल की घोर लापरवाही रही और स्टाफ ने परिजनों के साथ अभद्रता भी की। नदीम ने सीएमओ ऊधम सिंह नगर से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार डॉक्टरों व स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को खारिज कर दिया।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
