किच्छा चीनी मिल पेराई सत्र विधि विधान के साथ शुभारंभ
पूर्व विधायक शुक्ला,उपाध्यक्ष गन्ना समिति मनजीत और अधिशासी निदेशक बाजपेई ने संयुक्त रूप से कन्वेयर में गन्ना डालकर किया
किच्छा। किच्छा चीनी मिल के वर्तमान पेराई सत्र का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान और शांतिपूर्ण वातावरण में किया गया। पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, उपाध्यक्ष गन्ना समिति एवं दर्जा राज्य मंत्री मनजीत सिंह, तथा अधिशासी निदेशक एपी वाजपेई ने संयुक्त रूप से मिल के कन्वेयर में गन्ना डालकर पेराई सत्र का विधिवत शुभारंभ किया। इससे पहले मिल परिसर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान प्रथम ट्रॉली लेकर पहुंचे किसान नरेंद्र बागवानी का अतिथियों द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया गया। अतिथियों ने किसान बागवानी को इस पेराई सत्र की पहली ट्रॉली देने के लिए शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि किसानों की मेहनत ही चीनी उद्योग की रीढ़ है।
पूर्व विधायक शुक्ला ने कहा कि किच्छा चीनी मिल क्षेत्र के हजारों किसानों की आजीविका का आधार है। इस वर्ष लगभग 6.5 करोड़ रुपये की लागत से मिल का महत्वपूर्ण रिनोवेशन किया गया है। करीब 6 करोड़ रुपये की नई टरबाइन स्थापित की गई है, जिससे उत्पादन क्षमता और दक्षता में अभूतपूर्व वृद्धि होगी। पिछले वर्ष नए बॉयलर लगाए गए थे और अब मशीनरी पूरी तरह से अपडेट हो चुकी है। इससे पेराई सत्र निर्बाध, व्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित होगा। कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा ने विगत पेराई सत्र में गन्ना किसानों के भुगतान को प्राथमिकता देकर शत प्रतिशत भुगतान पेराई सत्र के समाप्त होने के तुरंत बाद करके जो ऐतिहासिक कदम उठाया, वह प्रशंसनीय है। सरकार किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है और यही कारण है कि आज किसान संतोष के साथ अपनी फसल मिल में ला रहे हैं।
दर्जा राज्य मंत्री एवं उपाध्यक्ष गन्ना समिति मनजीत सिंह ने कहा कि किच्छा चीनी मिल सिर्फ एक उद्योग नहीं बल्कि किसान परिवारों की आर्थिक धुरी है। प्रदेश सरकार और समिति लगातार प्रयासरत है कि किसानों को हर स्तर पर लाभ पहुंच सके।
अधिशासी निदेशक एपी बाजपेई ने बताया कि इस वर्ष मिल में हुए रिनोवेशन और नई मशीनरी की स्थापना के बाद पेराई सत्र पूरी तरह सुचारू रूप से चलेगा। मिल प्रशासन ने किसानों की सुविधा के लिए तौल, भुगतान और ट्रॉली व्यवस्था को और बेहतर बनाया है। कार्यक्रम में मुख्य रसायनज्ञ आशीष द्विवेदी, अरुण कुमार शुक्ला, मुख्य लेखाकार संजय कुमार पांडे, गन्ना प्रबंधक ऋषिपाल सिंह, मयंक तिवारी, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम, सुभाष तनेजा, मूलचंद राठौर, नितिन वाल्मीकि,विशाल गुप्ता,नितिन फुटेला,चंदन जायसवाल, गफ्फार खान, टीकम सिंह कोरंगा, शीशपाल राणा, रमन कोली आदि मौजूद रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
