पूर्व विधायक ठुकराल प्रतिनिधि मंडल के साथ पहुंचे कलेक्ट्रेट, डीएम को सौंपा ज्ञापन
ठुकराल का अनाज मंडी में दुकानें आवंटित न करने और निर्माण कार्य में फैले भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख
रुद्रपुर। रामपुर रोड पर नवनिर्मित अनाज मंडी में आढ़तियों को अब तक दुकानें आवंटित न किए जाने और निर्माण कार्य में फैले भ्रष्टाचार को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को ठुकराल एक प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी से मिले और मंडी की जर्जर स्थिति तथा अनियमितताओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। ठुकराल ने जिलाधिकारी को बताया कि अपने विधायक काल के दौरान उन्होंने आदित्य नाथ झा राजकीय इंटर कॉलेज की भूमि का हस्तांतरण कराकर गल्ला व्यवसायियों की मांग पर चार वर्ष पूर्व इस विशाल अनाज मंडी का निर्माण कराया था। यह मंडी उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के हजारों किसानों के हित में बनाई गई थी, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर और सुव्यवस्थित स्थान मिल सके। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज तक आढ़तियों को दुकानों के ब्लॉक आवंटित नहीं किए जा सके, जिसके चलते पूरी मंडी खंडहरनुमा हालत में पहुंच गई है। पूर्व विधायक ने बताया कि मंडी परिसर में जगह-जगह बेतरतीब घास उग आई है और यह क्षेत्र नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है। आए दिन चोरी-छिपे घटनाएँ हो रही हैं। दुकानों के शटर जंग खा चुके हैं और निर्माण कार्य शुरू होते ही खराब गुणवत्ता के कारण जगह-जगह टूट-फूट के निशान दिखाई दे रहे हैं। यदि मंडी को शीघ्र चालू नहीं किया गया तो करोड़ों रुपए की लागत से तैयार यह अवसंरचना पूरी तरह बेकार हो जाएगी। ठुकराल ने कहा कि यदि मंडी शुरू की जाती है, तो आढ़तियों से मिलने वाले किराए और करों से राजस्व बढ़ेगा। साथ ही दोनों राज्यों के किसानों को भी उनकी उपज के उचित मूल्य की प्राप्ति होगी।आरोप लगाया कि मंडी समिति और मंडी परिषद द्वारा सुविधा शुल्क को लेकर लगातार चर्चाएँ होती रहती हैं, जिससे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अनावश्यक बदनामी होती है। उन्होंने मांग की कि सभी गल्ला व्यवसायियों और आढ़तियों को बिना किसी सुविधा शुल्क के, पूर्ण पारदर्शिता के साथ दुकानों का आवंटन किया जाए। पूर्व विधायक ने जिलाधिकारी से मंडी परिसर का स्वयं निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति देखने का आग्रह किया। उन्होंने निर्माण में हुए भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई। डीएम ने ठुकराल को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। ज्ञापन देने वालों में संजय ठुकराल,राजवीर सिंह विर्क, सुखवंत सिंह विर्क,संजीव गुप्ता, सिंह भाटी, ललित बिष्ट, आनंद शर्मा, मनोज गुप्ता, अशोक शाह आदि शामिल रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
