बाजपुर शादी में गए रम्पुरा के युवक संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिरा,चार दिन बाद हुई मौत
परिजनों ने युवक को छत से फैंकने का लगाया आरोप
रुद्रपुर। विवाह समारोह में रम्पुरा से बाजपुर गए युवक का विवाद हो गया। वहां पर युवक संदिग्ध परिस्थितियों में छत गिर गया और घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि उसकी पिटाई कर छत से फेंक दिया गया। इस पर उसे उपचार के लिए बाजपुर से बरेली रेफर किया गया। जहां उसकी चार दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। इसका पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस से युवक को छत से फेंककर उसकी हत्या करने वालाें पर कार्रवाई की मांग की है।
रम्पुरा निवासी 18 वर्षीय सचिन कोहली पुत्र पप्पू कोली चार दिन पहले बाजपुर में एक शादी समारोह में गया हुआ था। जहां उसका कुछ लोगों से विवाद हो गया था। परिजनों के मुताबिक इस दौरान लोगों ने उसकी पिटाई की और बाद में छत से नीचे फेंक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में लोगों ने उसे उपचार के लिए बाजपुर के अस्पताल में भर्ती कराया। सचिन की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे बरेली के लिए रेफर कर दिया था। चार दिन तक चले उपचार के बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। इसके बाद लोग शव लेकर रुद्रपुर पहुंचे। सचिन को मृत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल भी रम्पुरा पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात की। आक्रोशित लोगों ने बाजपुर में विवाद के बाद सचिन की हत्या करने का आरोप लगाते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। विधायक राजकुमार ठुकराल ने बताया कि मृतक के परिजनों के साथ एसएसपी से मुलाकात कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की जाएगी।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
