ठंडी सड़क पर ट्रक चालक पर चाकू से हमला,मोबाइल और नकदी लूटी
पीड़ित ने पुलिस को सौंपी तहरीर, जांच शुरू,पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी खंगालने में जुटी
रुद्रपुर। किच्छा रोड स्थित ठंडी सड़क पर ट्रक चालक से मारपीट कर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया। हमलावरों पर मोबाइल और 12 हजार की नकदी भी लूट कर ले जाने का आरोप है । मामले की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर यूपी निवासी श्रवण कुमार पुत्र जय किशन ने पुलिस को बताया कि वह ट्रक चालक है। बुधवार को वह अपना ट्रक लेकर रुद्रपुर स्थित अंजली राइस मिल आया था। जिसके बाद वह ट्रक लोड करने के बाद वह राइस मिल के बाहर किच्छा रोड स्थित ठंडी सड़क किनारे आ गया और ट्रक वहीं पार्क कर दिया। देर रात वह ट्रक में बैठा हुआ था। ट्रक चालक के मुताबिक कुछ देर बाद चार-पांच युवक आए और उसके ट्रक की खिड़की को पिटने लगे। इस पर वह उतरने लगा तो तीन युवक उसके ट्रक पर चढ़ गए। विरोध करने पर उन्होंने उससे मारपीट कर चाकू से हमला किया। जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उसका मोबाइल और 12 हजार की नकदी लूट ली। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग एकत्र हुए तो आरोपी फरार हो गए। उसने अपना अस्पताल में उपचार कराया। श्रवण कुमार ने पुलिस से आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है और घटनास्थल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। हमलावर जल्द ही पुलिस के शिकंजे में होंगे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
