एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट की बाल श्रम के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई, एक नाबालिग को बचाया,रेस्टोरेंट मालिक पर दर्ज हुआ मुकदमा
एएचटीयू की ओर से जनजागरुक कार्यक्रम आयोजित,बाल श्रम और मानव तस्करी के संबंध में आमजन को जागरूक किया
रुद्रपुर। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के दिशा-निर्देशों में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट जनपद की ओर से बाल श्रम के विरुद्ध एक व्यापक जागरूकता एवं छापामारी अभियान चलाया। बुधवार को यूनिट प्रभारी निरीक्षक बसंती आर्या के पर्यवेक्षण में एक संयुक्त टीम ने श्रम प्रवर्तन विभाग और चाइल्ड हेल्पलाइन के साथ थाना किच्छा लालपुर बाज़ार में औचक निरीक्षण किया और सत्यापन की कार्रवाई की। बाल श्रमिक का रेस्क्यू और कानूनी कार्रवाई
छापेमारी के दौरान, लालपुर बाज़ार स्थित “गट्टूलाल स्वेट्स एंड रेस्टोरेंट” में एक नाबालिग बच्चा काम करता हुआ पाया गया। बालक मलसा गिरधरपुर का निवासी है। प्रभारी निरीक्षक एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट के मुताबिक मौके पर मौजूद श्रम प्रवर्तन अधिकारी विपिन कुमार ने रेस्टोरेंट मालिक के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई करते हुए अपराध पंजीकृत करवाया।टीम ने बाज़ार के दुकानदारों और वर्कशॉप मालिकों को बाल श्रम एवं मानव तस्करी के खतरों, सामाजिक-शैक्षिक प्रभावों, और कानूनी परिणामों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्रवाई की चेतावनी-प्रतिष्ठान मालिकों को सख्त निर्देश दिये गये कि किसी भी कारखाने या प्रतिष्ठान में 14 वर्ष से कम उम्र का बच्चा कार्य करता मिला तो दुकानदार/वर्कशॉप मालिक के विरुद्ध बाल अपराध संरक्षण अधिनियम के तहत कठोर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।
सहायता और शिकायत हेतु टोल फ्री नम्बर: टीम द्वारा मानव तस्करी और बाल श्रम से बचने के उपायों तथा सहायता प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण टोल फ्री नम्बरों (डायल 112, 1098, 1930) के बारे में भी जानकारी साझा की।


मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
