पंतनगर विश्व विद्यालय की ओर से लोहियाहैड मैदान में कृषि गोष्ठी एवं कृषि प्रदर्शनी लगाई गई है 
खटीमा। उत्तराखंड राज्य जयंती के अवसर पर गोविन्द वल्लभ पंत कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर की ओर से लोहियाहैड मैदान में कृषि गोष्ठी एवं कृषि प्रदर्शनी लगाई गई। जिसका मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फीता काटकर शुभारम्भ कर प्रदर्शनी का अवलोकन किया।मुख्यमंत्री ने कृषि गोष्ठी में सभी कृषकों का स्वागत करते हुए कहा कि किसान हमारा अन्नदाता है, किसान मजबूत होगा तो हमारा देश-प्रदेश मजबूत व सम्पन्न होगा। उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय हरित क्रांति की जन्मस्थली है। पंतनगर विश्वविद्यालय लगातार कृषि के क्षेत्र में शोध एवं अनुसंधान कर रहा है। उन्होंने किसानों से कहा कि सभी किसान कृषि में उन्नत बीजों व तकनीकी का उपयोग कर उत्पादन बढ़ाकर अपनी आर्थिकी को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और सैनिकों की सरकार है, किसानों को जो भी समस्याएं आयेंगी उनका प्राथमिकता से समाधान किया जायेगा, केंद्र और प्रदेश सरकार हमेशा किसानों के साथ है। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने एवं आर्थिकी मजबूत करने के लिए केंद्र व राज्य सरकार कृषक कल्याणकारी योजनाएँ चला रही है, कृषक बन्धु इन सभी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठायें।कृषक बन्धु कृषि के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, शहद उत्पादन, रेशम आदि उत्पादन करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य के इतिहास मे पहली बार भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों की आय को बढ़ाने के लिए 30 प्रति कुंतल गन्ना मूल्य में वृद्धि की है। उन्होंने किसानों से गन्ने का रकबा बढ़ा कर गन्ने का अधिक से अधिक उत्पादन करने की अपील की।
सीएम ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को प्रदेश में अनवरत रुप से संचालित किया जायेगा। प्रदर्शनी में पंतनगर विश्वविद्यालय, कृषि विभाग के साथ ही अन्य विभागों के द्वारा लगाए गए स्टॉलों से सीमांत क्षेत्रों किसानों को उन्नत कृषि करने एवं उनको लाभान्वित करने के लिए आयोजित किये गए है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रीप परियोजना के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओ को छः ई रिक्शा, कृषि विभाग के दो प्रगतिशील किसानों को रूपये 49,750/- के अनुदान चेक, एक हजार किसानों को कृषक किट के सापेक्ष सांकेतिक रूप से पांच किसानों को किट वितरित किये गए। उन्होंने कहा कि किसान व सरकार मिलकर उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनायेंगे।
कृषक बन्धुओं ने गन्ना मूल्य बढ़ाने पर सीएम पुष्कर सिंह धामी का जोरदार नारे लगाकर धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर महापौर काशीपुर दीपक बाली ,अध्यक्ष नगर पालिका खटीमा रमेश चंद्र जोशी, नानकमत्ता प्रेम सिंह टूरना, पूर्व विधायक डॉ प्रेम सिंह राणा,दान सिंह रावत, राजपाल सिंह, कुलपति डॉ मनमोहन सिंह चौहान, डीएम नितिन सिंह भदौरिया,एसएसपी मणिकांत मिश्रा,वीसी जयकिशन, सीडीओ दिवेश शाशनी, विश्वविद्यालय डैम बीएस चलाल, एडीएम पंकज उपाध्याय,एसपी सिटी डॉ उत्तम सिंह नेगी, एसडीएम तुषार सैनी सहित अनेक अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
