पूर्व विधायक ठुकराल समर्थकों के साथ मंडी सचिव परिसर में धरने पर बैठे
नवनिर्मित अनाज मंडी में आढ़तियों को दुकानें आवंटित न होने पर जताई नाराजगी
मंडी परिसर में जगह-जगह घास उग आई और नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है
रुद्रपुर। रामपुर रोड पर नवनिर्मित अनाज मंडी में आढ़तियों को दुकानें आवंटित नहीं किये जाने के विरोध में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल समर्थकों के साथ मंडी समिति बिगवाड़ा परिसर में समर्थकों के साथ धरने पर बैठे। उन्होंने दुकानें आवंटित न होने पर विरोध प्रकट किया। धरना स्थल पर विधायक ठुकराल ने कहा कि अपने विधायक काल के दौरान उन्होंने आदित्य नाथ झा राजकीय इंटर कॉलेज की भूमि का हस्तांतरण कराकर गल्ला व्यवसायियों की मांग पर चार वर्ष पूर्व इस विशाल अनाज मंडी का निर्माण कराया था। यह मंडी उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के हजारों किसानों के हित में बनाई गई थी, ताकि उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए बेहतर और सुव्यवस्थित स्थान मिल सके। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज तक आढ़तियों को दुकानों के ब्लॉक आवंटित नहीं किए जा सके, जिसके चलते पूरी मंडी खंडहरनुमा हालत में पहुंच गई है। पूर्व विधायक ने बताया कि मंडी परिसर में जगह-जगह बेतरतीब घास उग आई है और यह क्षेत्र नशेड़ियों का अड्डा बन चुका है। आए दिन चोरी-छिपे घटनाएँ हो रही हैं। दुकानों के शटर जंग लग चुके हैं और निर्माण कार्य शुरू होते ही खराब गुणवत्ता के कारण जगह-जगह टूट-फूट के निशान दिखाई दे रहे हैं। मंडी परिषद 62 दुकानें मंडी समिति को हस्तांतरित कर चुका है लेकिन इसके बावजूद मंडी समिति दुकानों का आवंटन नहीं कर रही है। उन्होंने मांग की कि सभी गल्ला व्यवसायियों और आढ़तियों को बिना किसी सुविधा शुल्क के, पूर्ण पारदर्शिता के साथ दुकानों का आवंटन किया जाए। ठुकराल ने दुकानों का आवंटन जल्द नहीं होने पर मंडी परिषद कार्यालय पर आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी। दोपहर को मंडी समिति के सचिव विश्व विजय सिंह देव ने ठुकराल से वार्ता की उन्होंने बताया कि जो दुकानें मंडी समिति को आवंटित की गयी हैं वह पूरी नहीं बनी हैं उनमें अभी काम होना है। काम पूरा होते ही दुकानें आवंटित कर दी जायेंगी। मण्डी सचिव के आश्वासन के बाद ठुकराल ने धरना समाप्त कर दिया। ठुकराल के साथ लघु उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव गुप्ता, विकास बंसल, संजय ठुकराल, आनंद शर्मा, ललित सिंह बिष्ट, विक्रमजीत सिंह,राजवीर सिंह विर्क, सुरेंद्र गुप्ता, संजीव गुप्ता, कमल देव सोनकर, सुनील चुग आदि शामिल रहे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
