देहरादून पहुंचे पूर्व विधायक ठुकराल,कृषि विभाग के सचिव पांडे से मुलाकात की
नवनिर्मित मंडी भवन की बदहाली एवं आढ़तियों को दुकानें आवंटन करने का मामला उठाया
रूद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने रूद्रपुर में नवनिर्मित मंडी भवन की बदहाली एवं आढ़तियों को दुकानों के ब्लॉकों का आवंटन न किए जाने का मामला देहरादून में कृषि विभाग के सचिव एसएन पांडे के सामने उठाया। ठुकराल ने कृषि सचिव को बताया कि उनके विधायक कार्यकाल के दौरान आदित्य नाथ झा राजकीय इंटर कालेज की भूमि का उत्तराखंड शासन से हस्तांतरण करा उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश की सीमा पर विशाल अनाज मंडी का निर्माण कराया था। मंडी का उद्देश्य न केवल आढ़तियों के लिए व्यवस्थित दुकानें उपलब्ध कराना था, बल्कि इससे राजस्व संग्रह बढ़ाने और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने में भी मदद मिलनी थी। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि आज तक नवनिर्मित मंडी में गल्ला आढ़तियों को दुकानों के ब्लॉकों का आवंटन नहीं किया गया है, जिससे मंडी जर्जर और निष्प्रयोज्य स्थिति में पहुंच गई है।परिसर में घास उग आई है, नशेडियों का जमावड़ा रहता है और मंडी में रखे सामान की चोरी की घटनाएं आम हो गई हैं। ठुकराल ने निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि शटर जंग खा चुके हैं और विभिन्न निर्माण कार्यों की गुणवत्ता भी अत्यंत खराब है।उन्होंने नवीन मंडी के निर्माण में भ्रष्टाचार की जांच कराने और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत गल्ला आढ़तियों को दुकानों का आवंटन करने की मांग की। कृषि सचिव ने ठुकराल को आश्वासन दिया कि इस मामले में आवश्यक कार्यवाही शीघ्र की जाएगी। मंडी के संचालन को सुचारू बनाने के लिए कदम उठाए जाएंगे।

मुकेश गुप्ता,
संपादक – ‘ऊधम सिंह नगर टाइम्स’
कार्यालय – सांई मंदिर के सामने वाली गली, खेड़ा कालोनी, रुद्रपुर, ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड, 263153
मोबाइल नंबर +91 9927864309
